Rajasthan Politics: बाबा बालकनाथ के बयान से राजस्थान की सियासत में मची खलबली, अब ट्विटर पर उठ रही माफी की मांग


 Rajasthan News: राजस्थान की तिजारा विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक बाबा बालकनाथ (Baba Balaknath) के एक बयान से प्रदेश की सियासत में खलबली मच गई है. पूरा मामला राजीव गांधी युवा मित्र इंटर्नशिप प्रोग्राम (Rajiv Gandhi Yuva Mitra Internship Program) से जुड़ा है, जिसे हाल ही में राजस्थान सरकार ने बंद कर दिया है. बाबा बालकनाथ ने सोमवार को इस पर विधानसभा सत्र के दौरान एक बयान दिया था, जिसके बाद से ही सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल किया जा रहा है. साथ ही उनसे माफी मांगने की मांग भी की जा रही है.

इस बयान के कारण हुआ विवाद

राजस्थान विधानसभा में अपने 11 मिनट 34 सेकेंड के भाषण में महन्त बालकनाथ ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि, 'कांग्रेस भ्रष्टाचार में लिप्त पार्टी है. कांग्रेस ने सदैव जो योजना बनाईं, उन योजनाओं के माध्यम से पैसा खा सकते हैं. राशन किट में भी घोटाला हुआ. राजीव गांधी युवा मित्र योजना में भी ऐसा ही हुआ. हम तो खाए, साथ में हमारे कार्यकर्ता भी खाएं. कांग्रेस ने इसी रणनीति के तहत इसे डिजाइन किया. ये सब दिमाग का काम कांग्रेस के अंदर ही है, और किसी दल के अंदर या देश के अंदर नहीं है. पिछले 5 वर्षों में हम सभी ने ये देखा है. कांग्रेस लगातार अपनी 'अच्छी योजनाओं' के बारे में बात करती है. मैं उनसे कहना चाहता हूं कि अगर आपकी योजनाएं 'अच्छी' थीं तो आप विपक्ष में ना बैठे होते. योजनाओं के माध्यम से आपने राजस्थान की जनता का जो पैसा खाया, इसी कारण आप उधर बैठे हैं. मैं मानता हूं कि आने वाले समय में आप विपक्ष में बैठने लायक भी नहीं रहेंगे.'

Post a Comment

Previous Post Next Post